आज के दौर में जहां सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक भाषा की मर्यादा लगातार टूटती नजर आ रही है। गाली को फैशन ट्रेंड बनाने का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है वहीं महाराष्ट्र का एक छोटा सा गांव सौंदला ने अपने गांव में गाली के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद भी किसी ने गाली का प्रयोग किया तो उसपर 500 रूपया जुर्माना लगाया जाता है। इस गांव की पंचायत ने यह नियम बनाया है। पढ़ें पूरी कहानी…

क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र के सौंदला गांव में पंचायत ने एक अनोखा नियम लागू किया है। यहां अगर कोई व्यक्ति गाली-गलौज करता है या अपशब्दों का इस्तेमाल करता है, तो उसे जुर्माना भरना पड़ता है। यह नियम सिर्फ डर पैदा करने के लिए नहीं, बल्कि गांव के माहौल को सकारात्मक और सम्मानजनक बनाए रखने के लिए बनाया गया है।

क्यों लिया गया यह फैसला?
गांव के बुजुर्गों और पंचायत का मानना है कि
गाली-गलौज से सामाजिक माहौल खराब होता है
बच्चों पर इसका गलत असर पड़ता है,
आपसी रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती है।
इन्हीं कारणों से ग्राम सभा में यह प्रस्ताव पास किया गया कि भाषा पर नियंत्रण जरूरी है। गांव के शरद कहते हैं कि हम मां के कोख से जन्म लेते हैं और फिर मां को ही गाली देते हैं। यह कहां तक सही है! हमारे पंचायत का फैसला गांव के माहौल को सौम्य बना रहा। हम यहां एक दूसरे का आदर करते हैं न कि गाली देकर अपमानित।
इतना लगता है जुर्माना?
आमतौर पर जुर्माने की राशि 500 रूपया रखी गई है पर गाली देने की गंभीरता के आधार पर जुर्माने की राशि तय की जाती है। हल्की गलती पर कम और बार-बार गलती करने पर ज्यादा जुर्माना देना पड़ता है। कुछ मामलों में सार्वजनिक माफी भी मांगनी पड़ती है।

इस नियम का असर भी जान लीजिए
इस पहल का असर अब साफ दिखने लगा है—
गांव में झगड़े कम हो गए हैं। लोग एक-दूसरे से सम्मानपूर्वक बात कर रहे हैं।
बच्चों के सामने सकारात्मक उदाहरण बन रहा है।
गांव के लोग कहते हैं कि “अब यहां बोलने से पहले लोग सोचते हैं।”
एक छोटा कदम, बड़ा बदलाव
सौंदला गांव की यह पहल सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि एक सामाजिक प्रयोग है। यह दिखाता है कि अगर समुदाय ठान ले, तो छोटी-छोटी आदतों को बदलकर बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
“thebigpost.com” मानता है कि समाज में बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक छोटा सा नियम भी बड़ी क्रांति की शुरुआत बन सकता है।
सौंदला गांव की यह पहल आज के समय में एक आईना है—जहां हम सबको अपनी भाषा और व्यवहार पर फिर से सोचने की जरूरत है।


